चाईबासा में ट्रैक्टर ने शिक्षिका को रौंदा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

चाईबासा में ट्रैक्टर ने शिक्षिका को रौंदा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

चाईबासा (Chaibasa): पश्चिम सिंहभूम जिले में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक घटना हुई. इसमें एक शिक्षिका की मौत हो गई. घटना जिले के सोनुआ- चक्रधरपुर मुख्य सड़क की है. पैदल स्कूल जा रही शिक्षिका को ट्रैक्टर ने निश्चिनपुर स्कूल के समीप रौंदा दिया. शिक्षिका वंदना महतो (28) को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी में ट्रैक्टर को शिक्षिका को टक्कर मारते देखा जा रहा है. शिक्षिका सड़क किनारे चल रही थी, इसके बाद भी ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया. घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला. पुलिस ट्रैक्टर चालक का पता लगा रही है. 
शिक्षिका निश्चितपुर गांव की रहने वाली थी. वह सोनूआ स्थित एसएस प्लस 2 हाई स्कूल में घंटी आधारित शिक्षिका थी. वह स्कूल के लिए ही जा रही थी, इसी दौरान ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस सड़क पर ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू की ढुलाई होती है. उक्त ट्रैक्टर भी बालू  लादने के लिए जा रहा था. ट्रैक्टर बिना नंबर का था. पुलिस सीसीसीवी फुटेज के माध्यम से ट्रैक्टर और चालक का पता लगा रही है. घटना से स्थानीय लोगों में रोष है.