चाईबासा: घर में घुस कर पूर्व मुखिया को अपराधियों ने मारी गोली,इलाके में सनसनी

चाईबासा: घर में घुस कर पूर्व मुखिया को अपराधियों ने मारी गोली,इलाके में सनसनी

चाईबासा(CHAIBASA): जिले के चक्रधरपुर प्रखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चक्रधरपुर के गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई (44 वर्ष) की अज्ञात अपराधियों ने उनके घर में घुसकर हत्या कर दी. दरअसल, अपराधी सीधे उनके घर के आंगन में दाखिल हुए और सोए हुए संजय बोयपाई के सिर में सटाकर गोली मार दी. गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है.

जानकारी के अनुसार, गुईगांव के निवासी संजय बोयपाई पेशे से एक साधारण किसान थे और खेती-किसानी के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. क्षेत्र में उनकी पहचान एक प्रतिष्ठित व्यक्ति और गुलकेड़ा पंचायत के पूर्व उप मुखिया के रूप में थी. रोज की तरह रविवार की रात को भी वे अपने परिवार के साथ रात का भोजन करने के बाद घर के खुले आंगन में सो रहे थे, तभी रात के लगभग 12 बजे अचानक एक मोटरसाइकिल की आवाज सुनाई दी और इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया.

चश्मदीदों और परिजनों के मुताबिक, बाइक पर सवार होकर आए 2 से 3 अज्ञात नकाबपोश अपराधी सीधे उनके घर के आंगन में दाखिल हुए. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या विरोध कर पाता, अपराधियों ने सोते समय ही वारदात को अंजाम दिया और मौके से तेजी से फरार हो गए. अचानक हुई इस हिंसक घटना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है.