चाईबासा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 चोरी की बाइक बरामद, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी हिरासत में

चाईबासा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 चोरी की बाइक बरामद, मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी हिरासत में

चाईबासा (CHIBASA)  : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा क्षेत्र में बाइक चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना पर बड़ाजामदा, नोवामुंडी और किरीबुरू पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन जगह छापेमारी कर 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. कार्रवाई के दौरान गिरोह के मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

छापेमारी टीम का गठन

जानकारी के अनुसार, 20 जून को पुलिस अधीक्षक अमित रेणु को सूचना मिली थी कि बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री करने और चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना की पुष्टि होने के बाद एसपी के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ विनित कुमार किंडो के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

टीम में बड़ाजामदा ओपी, नोवामुंडी थाना और किरीबुरू थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने एक साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की. पहला छापा बड़ाजामदा टंकीसाई स्थित दयाल कुमार नाग के घर, दूसरा नोवामुंडी डुकासाई स्थित संदीप पिंगुवा के घर और तीसरा बड़ाजामदा की लाल बिल्डिंग के पास झाड़ियों में मारा गया. छापेमारी के दौरान विभिन्न कंपनियों की कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं.

बाइक चोरी के नेटवर्क का संचालन

पुलिस ने इस मामले में दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू (20 वर्ष), संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली (25 वर्ष) और बॉबी दास (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा तीन नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है. पूछताछ में दयाल नाग और संदीप पिंगुवा की पहचान गिरोह के मास्टरमाइंड के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और क्षेत्र में लंबे समय से बाइक चोरी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे.

पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के असली मालिकों की पहचान करने के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है. इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है.

रिपोर्ट - संतोष वर्मा