चाईबासा में कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक, आगामी पर्व-त्योहार और परीक्षाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट

चाईबासा में कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक, आगामी पर्व-त्योहार और परीक्षाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट

चाईबासा (CHIBASA) : जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आगामी पर्व-त्योहारों, परीक्षाओं और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की तैयारियों को लेकर जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश

बैठक में अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. पुलिस पदाधिकारियों को विशेष रूप से संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाने के लिए कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके.

सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके

नगर परिषद को शहर में मच्छरों के प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग अभियान चलाने और साफ-सफाई की व्यवस्था लगातार बनाए रखने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही शहर और अन्य प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त लाइट लगाने को कहा गया, जिससे लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जिले के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच करने तथा जरूरत पड़ने पर नए कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए गए.

आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक में आगामी परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. संबंधित अधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण करने तथा साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बेंच-डेस्क और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सकें.

सुरक्षित तथा बेहतर सुविधाएं मिल सकें

जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों, परीक्षाओं और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान सभी विभाग पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने अधिकारियों से बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था कायम रहे और नागरिकों को सुरक्षित तथा बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

रिपोर्ट – संतोष वर्मा