चाईबासा में जमीन विवाद बना जानलेवा, छोटे भाई ने बड़े भाई को मारी गोली

चाईबासा में जमीन विवाद बना जानलेवा, छोटे भाई ने बड़े भाई को मारी गोली

चाईबासा(CHAIBASA):पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में जमीन को लेकर शुरू हुई रंजिश ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया.जहां सड़क किनारे की कीमती जमीन को बेचने से मिले रुपयों के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि एक भाई ने दूसरे की जान ले ली. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया.मिली जानकारी के अनुसार, जयपुर गांव में सड़क किनारे स्थित एक जमीन की बिक्री की गई थी. इसी जमीन से मिली रकम के हिस्से को लेकर दोनों भाइयों में कहा-सुनी शुरू हुई.देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी.इसी बीच गुस्से से तमतमाए छोटे भाई महेंद्र लागुरी ने पिस्तौल निकालकर अपने 30 वर्षीय सगे बड़े भाईज शंकर लागुरी पर गोली चला दी. गोली सीधे शंकर के शरीर में जा धंसी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा.

इलाज के लिए ले जाते समय तोड़ा दम

गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई.आसपास के लोग और परिजन आनन-फानन में घायल शंकर को लेकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया. हालांकि रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही शंकर की मौत हो गई. घटना की भनक मिलते ही हाटगम्हरिया के थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ तुरंत जयपुर गांव पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.घटना का अंजाम देने के बाद से ही आरोपी भाई फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही है.इस खूनी संघर्ष के बाद से गांव में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

रिपोर्ट-संतोष वर्मा