बदमाशों ने पति-पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, नाले में तैरता मिला शव, जानिए कहां का है मामला

बदमाशों ने पति-पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, नाले में तैरता मिला शव, जानिए कहां का है मामला

चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. गांडकीदा गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक दंपती की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों के शव नाले में फेंक दिए. शुक्रवार सुबह शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुट गई है. मृतकों की पहचान गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी 45 वर्षीय डोंका सिंकु और उनकी 40 वर्षीय पत्नी गोरवारी सिंकु के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं. पुलिस का मानना है कि हत्या किसी तेजधार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी से की गई है.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग सरकारी तालाब की ओर गए थे. इसी दौरान तालाब के पास बने नाले में दो शव पड़े दिखाई दिए. करीब जाकर देखने पर ग्रामीणों ने दोनों की पहचान डोंका सिंकु और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु के रूप में की. घटना की सूचना तत्काल गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को दी गई, जिन्होंने बिना देर किए कुमारडुंगी थाना पुलिस को जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रफायल मुर्मू और पुलिस इंस्पेक्टर भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. फोरेंसिक जांच के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर संभावित एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि वारदात के पीछे अंधविश्वास (डायन-बिसाही) या फिर जमीन-संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना विवाद हो सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि इस दोहरे हत्याकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा. फिलहाल गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.

रिपोर्ट: संतोष वर्मा