टाटा-रांची एनएच-33 हाईवे पर दो ऑटो में भीषण टक्कर, 6 यात्री गंभीर रूप से घायल

टाटा-रांची एनएच-33 हाईवे पर दो ऑटो में भीषण टक्कर, 6 यात्री गंभीर रूप से घायल

सरायकेला(SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के टाटा-रांची एनएच-33 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. करणीडीह और भादुडीह के बीच दो ऑटो के आमने-सामने टकरा जाने से दोनों वाहनों में सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.

दोनों ऑटो विपरीत दिशा से आ रहे थे. इसी दौरान किसी कारण दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.

बताया जा रहा है कि एक ऑटो चांडिल से जमशेदपुर की ओर जा रही थी. हादसे में घायल यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा मित्र शेखर गांगुली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया.

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चांडिल थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया.

इधर, इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों का कहना है कि टाटा-रांची हाईवे पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है. उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है.

रिपोर्ट : बीरेंद्र मण्डल