चाईबासा के बड़ाजामदा में मुख्य सड़क के पास दिखा हाथियों का झुंड, लोगों में बढ़ी चिंता, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

चाईबासा के बड़ाजामदा में मुख्य सड़क के पास दिखा हाथियों का झुंड, लोगों में बढ़ी चिंता, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

चाईबासा (CHIBASHA) : जिले के बड़ाजामदा क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड की मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल है. पिछले दो दिनों से करीब छह हाथी जंगलों और मुख्य सड़क के आसपास घूम रहे हैं. हाथियों के सड़क के करीब आने से राहगीरों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है.

सड़क के काफी नजदीक दिखाई दिया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब छह हाथियों का झुंड सड़क के काफी नजदीक दिखाई दिया. हाथियों को देखकर कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. कई वाहन चालकों ने सुरक्षा के मद्देनजर अपने वाहन रोक दिए और हाथियों के वहां से हटने का इंतजार किया. हालांकि किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है.

ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथियों का झुंड गांवों या आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ता है तो जान-माल का नुकसान हो सकता है. किसानों को अपनी फसलों की चिंता सता रही है, वहीं पशुपालकों को भी अपने पशुओं की सुरक्षा की फिक्र है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है.

ग्रामीणों में भय का माहौल

जानकारी के अनुसार पिछले कुछ महीनों में इलाके में जंगली हाथियों का व्यवहार पहले की तुलना में अधिक आक्रामक देखा गया है. हाथियों के हमलों में अब तक दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों की मौत होने की बात कही जा रही है. ऐसे में वन क्षेत्र से सटे गांवों के लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया जाए. इससे किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सकेगा.

सतर्क रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय

इधर, वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड के पास न जाएं, न ही फोटो या वीडियो लेने के लिए जोखिम उठाएं. जंगली हाथी कभी भी उग्र हो सकते हैं. इसलिए सुरक्षित दूरी बनाए रखना और सतर्क रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय है.

रिपोर्ट - संतोष वर्मा