उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के बहाने बढ़ाई नजदीकी, फिर 15 लाख लेकर हुआ फरार
पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में सदर थाना की पुलिस ने एक विधवा महिला के साथ धोखाधड़ी कर 15 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी हाफिज रमीज असलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में सदर थाना की पुलिस ने एक विधवा महिला के साथ धोखाधड़ी कर 15 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी हाफिज रमीज असलम (बड़ी बाजार, हिंद चौक निवासी) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. इस संबंध में बड़ी बाजार निवासी और झींकपानी प्रखंड कार्यालय में कार्यरत अमीना भानु के लिखित बयान पर 5 मई 2026 को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक के बहाने बनाया था शिकार
दर्ज मामले के अनुसार, आरोपी हाफिज रमीज असलम पेशे से मौलवी है. वह पीड़िता के घर पर बच्चों को उर्दू पढ़ाने और झाड़-फूंक करने के सिलसिले में आता-जाता था. इसी का फायदा उठाकर वह की तरह के बहाने बना कर महिला से धीरे-धीरे पैसे ऐंठने लगा.
जमीन और गाड़ी के नाम पर ठगे रुपये
शिकायत में बताया गया कि 10 फरवरी 2023 को आरोपी ने महिला से 5 लाख 50 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये का एक जोड़ी सोने का झुमका लिया था. इसके एवज में उसने महिला को जमीन देने का वादा किया था. इसके कुछ समय बाद जब पीड़िता ने बैंक से लोन लिया, तो आरोपी ने गाड़ी दिलाने का झांसा देकर उससे 9 लाख 50 हजार रुपये और ऐंठ लिए. इतना ही नहीं, उसने लोन का मासिक ब्याज (EMI) भरने की बात कही थी, लेकिन ब्याज नहीं चुकाया. नतीजतन, बैंक द्वारा पीड़िता के वेतन से पैसे की कटौती की जाने लगी. जब पीड़िता ने अपने पैसे, जमीन या गाड़ी लौटाने की मांग रखी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और कुल 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी मौलवी को धर दबोचा.
रिपोर्ट- संतोष वर्मा