बुखार का कहर: दो बच्चियों की मौत, 9 लोगों में मलेरिया की पुष्टि,जानिए कहां का है मामला

बुखार का कहर: दो बच्चियों की मौत, 9 लोगों में मलेरिया की पुष्टि,जानिए कहां का है मामला

चाईबासा (CHIBASA) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़डीहा गांव में संदिग्ध बुखार से दो नाबालिग बच्चियों की मौत के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. मृतक बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय लता किस्कू और 7 वर्षीय दीपिका मुर्मू के रूप में हुई है. दोनों कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थीं. परिजन उनका इलाज गांव के एक स्थानीय डॉक्टर से करा रहे थे. सोमवार रात लता किस्कू की मौत हो गई, जबकि मंगलवार तड़के दीपिका मुर्मू ने भी दम तोड़ दिया.

9 लोगों में मलेरिया की पुष्टि

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया. गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम पहाड़डीहा गांव पहुंची और 46 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की. जांच के दौरान 9 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई. इनमें से सात मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एंबुलेंस से मनोहरपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

गांव के ग्राम मुंडा आमूष मुर्मू ने बताया कि पहाड़डीहा में स्वास्थ्य सहिया की नियुक्ति नहीं होने से ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं. उन्होंने गांव में नियमित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की.

गोइलकेरा सीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जयश्री किरण पराडिया ने बताया कि मृत बच्चियों में पीलिया जैसे लक्षण भी दिखाई दिए थे. इसलिए मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

बुधवार को विशेष जांच दल गांव भेजा जाएगा

वहीं, पश्चिमी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. जूझार माझी ने बताया कि दो बच्चियों की मौत की सूचना मिलने के बाद बुधवार को विशेष जांच दल गांव भेजा जाएगा. टीम पूरे मामले की जांच करेगी और मौत के कारणों का पता लगाएगी। साथ ही गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच, दवा वितरण और मलेरिया से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.

स्वास्थ्य विभाग ने गांव में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा टीम तैनात करने की बात कही है. प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि बुखार होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और स्वयं इलाज कराने से बचें.

रिपोर्ट - संतोष वर्मा