चाईबासा के आयुष का कमाल, झारखंड अंडर-14 क्रिकेट टीम में हुआ चयन

पश्चिमी सिंहभूम के कराईकेला पंचायत निवासी आयुष चटर्जी का चयन झारखंड अंडर-14 क्रिकेट टीम में हुआ है. अपनी शानदार ऑफ स्पिन गेंदबाजी और मेहनत के दम पर आयुष अब गुरुग्राम में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.

चाईबासा के आयुष का कमाल, झारखंड अंडर-14 क्रिकेट टीम में हुआ चयन

 चाईबासा(CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला पंचायत के पुरानाडीह निवासी आयुष चटर्जी ने क्रिकेट के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. आयुष का चयन झारखंड की अंडर-14 क्रिकेट टीम में हुआ है. अब वह हरियाणा के गुरुग्राम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.

आयुष के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. लोगों ने उनकी सफलता को क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है. झारखंड अंडर-14 टीम के लिए राज्य स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया था. इसमें पश्चिमी सिंहभूम सहित राज्य के कई जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था.कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आयुष ने अपनी शानदार ऑफ स्पिन गेंदबाजी और बेहतरीन प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. उनके खेल कौशल को देखते हुए उन्हें झारखंड टीम में शामिल किया गया.

आयुष बचपन से ही क्रिकेट के प्रति काफी जुनूनी रहे हैं. वह लगातार मेहनत करते हुए अपने खेल को निखार रहे हैं. बताया जाता है कि वह रोजाना अपने घर से करीब आठ किलोमीटर दूर चक्रधरपुर जाकर क्रिकेट का अभ्यास करते हैं. उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है.आयुष की सफलता में उनके माता-पिता का भी अहम योगदान रहा है. उनके पिता अरुप चटर्जी ने हमेशा बेटे को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर उसका साथ दिया.

आयुष के चयन की जानकारी मिलने के बाद पंचायत समिति सदस्य सह भाजपा जिला महामंत्री तीरथ जामुदा उनके घर पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी. उन्होंने कहा कि आयुष की उपलब्धि पूरे कराईकेला पंचायत और चक्रधरपुर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.वहीं, मुखिया कुश पूर्ति ने भी आयुष और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग और लगातार मेहनत से ही बच्चे सफलता हासिल करते हैं. आयुष की सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी.