चाईबासा: जगन्नाथपुर की तीन जर्जर सड़कों का सर्वे, जल्द शुरू हो सकता है निर्माण

जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र की तीन जर्जर सड़कों का सर्वे पूरा हो गया है. सड़क निर्माण और चौड़ीकरण से करीब 50 हजार लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है.

चाईबासा: जगन्नाथपुर की तीन जर्जर सड़कों का सर्वे, जल्द शुरू हो सकता है निर्माण

चाईबासा (CHAIBASA): जिले के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी तीन महत्वपूर्ण सड़कों के दिन अब बदलने की उम्मीद है. विधायक सोनाराम सिंकु की अनुशंसा पर पथ निर्माण विभाग की टीम ने इन सड़कों का सर्वे पूरा कर लिया है. नोवामुंडी प्रखंड में जेटेया मोड़ से जेटेया बाजार और जेटेया बाजार से कोठगढ़ बस स्टैंड तक की सड़क का सर्वे किया गया. करीब 20 किलोमीटर लंबी इन सड़कों से 40 से 50 गांव जुड़े हैं. सड़क बनने से करीब 50 हजार लोगों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

बता दें, सड़कें कई वर्षों से खराब होने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर विधायक सोनाराम सिंकु से शिकायत की थी. इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण की मांग की. शुक्रवार को रांची से पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों और सर्वेयर की चार सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़कों की स्थिति देखी. इसके साथ ही जगन्नाथपुर-जैतगढ़ रोड से बुरूसाई होते हुए मालूका रेलवे स्टेशन को एनएच-320 से जोड़ने वाली सड़क का भी सर्वे किया गया.

विधायक ने जिन तीन सड़कों के निर्माण की मांग की है, उनमें जेटेया मोड़ से जेटेया बाजार चौक तक की सड़क, कोठगढ़ बस स्टैंड चौक से जेटेया बाजार चौक तक की सड़क और जिन्तुगाड़ा के टोला बुरूसाई से तोंडागहातु तक की सड़क शामिल है. इन सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की योजना है. विभाग अब सर्वे के आधार पर नया डीपीआर तैयार करेगा. इसके बाद इसे विभाग को सौंपा जाएगा और निर्माण की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी. सड़क बनने से गांवों के साथ बाजार, प्रखंड मुख्यालय, अनुमंडल मुख्यालय और मालूका रेलवे स्टेशन तक पहुंच आसान होगी.

रिपोर्ट- संतोष वर्मा