चाईबासा के रोरो डैम से दो दिन बाद छात्र का शव बरामद, परिजनों में मची चीख पुकार

डैम में अपने दोस्तों के साथ नहाने गए पांचवीं के छात्र का शव 2 दिनों बार रविवार को पुलिस ने बरामद किया. मामला पश्चिम सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है. यहां स्थित रोरो डैम में छात्र अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया

चाईबासा के  रोरो डैम से दो दिन बाद छात्र का शव बरामद, परिजनों में मची चीख पुकार

चाईबासा (CHAIBASA): डैम में अपने दोस्तों के साथ नहाने गए पांचवीं के छात्र का शव 2 दिनों बार रविवार को पुलिस ने बरामद किया. मामला पश्चिम सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है. यहां स्थित रोरो डैम में छात्र अपने कुछ दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. दो दिनों तक पुलिस के स्थानीय गोताखोरों को मदद से उसे तलाशा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया. तीसरे दिन रविवार को छात्र का शव बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, शव मिलने के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई. 

छात्र गणेश सोय (12) जगन्नाथपुर प्रखंड के सोसोपी गांव का रहने वाला था. वह चाईबासा के सुफलसाई में रहकर संत जेवियर स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ाई करता था. बताया जा रहा है कि गणेश का शव चट्टान में फंस गया था. रविवार को शव पानी से बाहर निकल आया. मुफस्सिल थाना पुलिस का कहना है कि गणेश के दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की थी, लेकिन वे उसे बचा नहीं पाए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया. 

इधर, घटना के बाद रोरो डैम में सुरक्षा की व्यस्था करने की मांग स्थानीय लोगों ने की है. लोगों ने प्रशासन से वहां चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की. लोगों का कहना है कि बारिश के कारण अभी डैम का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है. कई लोग डैम में पहुंच रहे है. खासकर युवा काफी संख्या में वहां पहुंच रहे है. ऐसे में दुर्घटना का खतरा बना रहता है.