चाईबासा: खनन क्षेत्र नोवामुंडी की तस्वीर, मरीज को 3km खाट पर ढोकर ले गए ग्रामीण, सरकार पर बरसे बड़कुंवर गागराई

नोवामुंडी के बोकना तिरिलपी टोला में सड़क और पुल नहीं होने से ग्रामीणों ने बीमार मणकी सिद्धू को करीब 3 KM तक खटिया पर ढोकर अस्पताल पहुंचाया.

चाईबासा: खनन क्षेत्र नोवामुंडी की तस्वीर, मरीज को 3km खाट पर ढोकर ले गए ग्रामीण, सरकार पर बरसे बड़कुंवर गागराई

चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम के खनिज संपदा क्षेत्र नोवामुंडी क्षेत्र से ग्रामीण इलाकों में बदहाल सड़क और पुल की समस्या की तस्वीर सामने आई है. बोकना तिरिलपी टोला में बीमार मणकी सिद्धू को इलाज के लिए ग्रामीणों ने खटिया पर उठाकर करीब तीन किलोमीटर तक पैदल चलकर ले जाने की मजबूरी झेली. बताया गया कि गांव तक सड़क और स्थायी पुल की सुविधा नहीं होने के कारण मरीज को वाहन तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को काफी दूर तक खटिया लेकर जाना पड़ा. करीब तीन किलोमीटर पैदल चलने के बाद वाहन उपलब्ध हो सका, जिसके बाद मरीज को नोवामुंडी अस्पताल पहुंचाया गया.

नोवामुंडी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद मणकी सिद्धू को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है. ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क और पुल की समस्या और गंभीर हो जाती है. गांव तक वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है. आपात स्थिति में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन जाता है. ग्रामीणों के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए निजी वाहन की व्यवस्था करना भी आसान नहीं है. ऐसे में कई बार मरीजों को खटिया या अन्य साधनों से पैदल ही मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है.

घटना को लेकर क्षेत्र में सरकार की ग्रामीण सड़क और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. पूर्व विधायक और भाजपा नेता बड़कुंवर गागराई ने भी मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उनका कहना है कि खनिज संपदा वाले क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बोकना तिरिलपी टोला तक सड़क और स्थायी पुल निर्माण की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन बाधित न हो और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके. लोगों का कहना है कि विकास की योजनाओं का लाभ तभी माना जाएगा, जब गांवों तक सड़क, पुल और स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाएं पहुंचें.