चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सोनपोखरी गांव के मुंडा टोला में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खेत की जुताई के दौरान जमीन से एक संदिग्ध बमनुमा वस्तु बरामद हुई. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दी गई.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को ट्रैक्टर चालक शिवचरण महतो गांव निवासी मदन हेम्ब्रम के खेत में जुताई कर रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर किसी भारी और कठोर वस्तु से टकरा गया, जिससे तेज आवाज हुई. चालक ने तुरंत ट्रैक्टर रोककर जांच की तो मिट्टी के भीतर एक धातु से बनी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसका आकार बम जैसा प्रतीत हो रहा था.
ग्रामीणों ने एहतियात बरतते हुए उस वस्तु को खेत से निकालकर आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर रख दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, बरामद वस्तु का वजन करीब 30 किलोग्राम हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेते हुए जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद वस्तु वास्तव में कोई विस्फोटक सामग्री है या फिर किसी अन्य प्रकार की धातु वस्तु.
सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और संदिग्ध वस्तु के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञों की मदद से वस्तु की जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही इसकी वास्तविक प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी. बता दें कि हाल ही में पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला इलाके में भी नदी किनारे पुराने बम मिलने का मामला सामने आया था. उस समय सेना के बम निरोधक दस्ते ने विशेष अभियान चलाकर विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया था. ऐसे में सोनपोखरी में मिली इस संदिग्ध वस्तु को लेकर प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है.

