चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां महज छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. वहीं पीड़ित बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.
मां के काम पर जाने के दौरान हुई वारदात
पीड़िता की मां द्वारा बड़ाजामदा ओपी में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 11 जुलाई की सुबह वह रोज की तरह काम पर चली गई थीं. दोपहर करीब दो बजे जब वह घर लौटीं तो उनकी छह वर्षीय बेटी ने रोते हुए पूरी घटना बताई. बच्ची ने बताया कि वह मकान मालिक के बच्चों के साथ खेल रही थी. कुछ देर बाद मकान मालिक का बच्चा सो गया, जबकि वह घर में अकेले बैठकर टीवी देखने लगी. इसी दौरान घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था.
आरोप है कि जबरन किया दुष्कर्म का प्रयास
शिकायत के अनुसार, इसी बीच टंकीसाई निवासी 22 वर्षीय आकाश लोहार वहां पहुंचा और बच्ची को जबरन पकड़कर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया. बच्ची ने विरोध करते हुए आरोपी से कहा कि वह पूरी घटना अपनी मां को बता देगी. यह सुनते ही आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता की मां ने पुलिस से संपर्क किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़ाजामदा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी आकाश लोहार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : संतोष वर्मा

