JSSC इंटर लेवल भर्ती 2026: 326 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू, इस डेट तक करें अप्लाई

JSSC इंटर लेवल भर्ती 2026: 326 पदों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू, इस डेट तक करें अप्लाई

रांची: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट लेवल संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JILCCE) 2026 के तहत 326 इंटर लेवल क्लर्क एवं अन्य पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. यह भर्ती विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत निकाली गई है. योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं,आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस भर्ती के माध्यम से विभिन्न विभागों में इंटरमीडिएट (12वीं) स्तर के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है.

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

 भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 अगस्त 2026 से शुरू होगी. इच्छुक उम्मीदवार 4 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन शुल्क का भुगतान 5 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा. इसी दिन तक अभ्यर्थियों को अपना फोटो और हस्ताक्षर भी अपलोड करना होगा, यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो आयोग ने 6 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक आवेदन में सुधार (Correction Window) की सुविधा भी उपलब्ध कराई है. परीक्षा की तिथि और परिणाम की घोषणा बाद में आयोग द्वारा अलग से की जाएगी.

आयु सीमा

भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा श्रेणीवार निर्धारित की गई है.

  • सामान्य (UR) एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित है.
  • ओबीसी(OBC-1)एवं ओबीसी(OBC-2) वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष होगी.
  • सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी-1 और ओबीसी-2 वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष तय की गई है.
  • अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित है.

आयोग ने स्पष्ट किया है कि कुछ पदों के लिए अलग-अलग आयु सीमा लागू हो सकती है. साथ ही आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट भी प्रदान की जाएगी. विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक अधिसूचना अवश्य पढ़नी चाहिए.

चयन प्रक्रिया

JSSC इंटर लेवल भर्ती 2026 के लिए चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) अथवा OMR आधारित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा. परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी.

पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा (Preliminary Examination) होगी, जबकि सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा (Main Examination) में शामिल होने का अवसर मिलेगा.

परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ (Objective Type) होंगे. प्रत्येक प्रश्न 3 अंकों का होगा. सही उत्तर देने पर 3 अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. प्रश्नपत्र का माध्यम हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में रहेगा.

ऐसे करें आवेदन

आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है. सभी पात्रता शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थी JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवार आवेदन पत्र तथा शुल्क भुगतान रसीद (यदि लागू हो) का प्रिंट सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में किसी भी आवश्यकता के समय उसका उपयोग किया जा सके. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवेदन पत्र या किसी अन्य दस्तावेज की हार्ड कॉपी डाक के माध्यम से JSSC कार्यालय भेजने की आवश्यकता नहीं है.

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

झारखंड में इंटरमीडिएट स्तर की सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है. प्रतियोगिता को देखते हुए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें. साथ ही परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू करें और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी होने वाले सभी अपडेट पर नजर बनाए रखें.