बोकारो(BOKARO):जिला अंतर्गत गोमिया प्रखंड क्षेत्र के साड़म पश्चिमी पंचायत स्थित तेनुघाट डैम में शनिवार शाम मछली पकड़ने गए एक युवक की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान गोमिया प्रखंड के साड़म पश्चिमी पंचायत अंतर्गत केवट टोला निवासी संतोष केवट उर्फ डमडम केवट, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार संतोष केवट शनिवार शाम मछली पकड़ने के लिए तेनुघाट डैम गया था. इसी दौरान अचानक तेज बारिश के शुरू हो गई. बताया जाता है कि बारिश के समय वह डैम में जाल लगा रहा था, तभी वह वज्रपात की चपेट में आ गया.काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई.
इसके बाद कुछ ग्रामीणों के साथ परिजन डैम पहुंचे तो संतोष को पानी में अचेत अवस्था में पड़ा देखा.आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे से केवट टोला समेत पूरे इलाके में शोक की लहर है. संतोष अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने के कारण परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है.
रिपोर्ट:संजय कुमार

