बोकारो (BOKARO): हजारीबाग जिले की सीमा से सटे विष्णुगढ़ से बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. जहां सड़क हादसे ने शादी समारोह की खुशियों को मातम में बदल दिया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो पिकअप वाहन अचानक सड़क छोड़कर एक घर के आंगन में जा घुसा, जहां शादी समारोह में शामिल लोग बैठे हुए थे. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
बोकारो जिले के कौंसी गांव से कई लोग अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने कैलूजारा पहुंचे थे. परिवार और रिश्तेदार घर के आंगन में बैठकर शादी की रस्मों में शामिल थे. इसी दौरान नरकी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. वाहन सीधे आंगन में घुस गया और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसा इतना भयावह था कि वाहन लोगों को कुचलते हुए घर की दीवार से जा टकराया. घटना में मूर्ति देवी, दशमी देवी और तीन वर्षीय मासूम अलीना कुमारी की घटना पर ही मौत हो गई.
इस हादसे में राकेश किस्कू, कान्ति देवी और उषा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
मृतका मूर्ति देवी के पति मोहन किस्कू ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, मृतकों के परिजन मुआवजे की मांग को लेकर अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए.