पहली के रहते दूसरी संग ब्याह रचाने पहुंचा पति, तभी पत्नी ने पहुँच कर किया कुछ ऐसा...... , जानिए पूरा मामला
शादी का रिश्ता भरोसे और जिम्मेदारी पर टिका होता है, लेकिन जब इसी रिश्ते में धोखे और विवाद की बात सामने आए तो मामला गंभीर हो जाता है. झारखंड के बोकारो में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां पहली पत्नी के रहते एक व्यक्ति दूसरी शादी करने पहुंच गया. इसकी जानकारी मिलते ही पहली पत्नी ने पुलिस से मदद मांगी.
बोकारो(BOKARO): शादी का रिश्ता भरोसे और जिम्मेदारी पर टिका होता है, लेकिन जब इसी रिश्ते में धोखे और विवाद की बात सामने आए तो मामला गंभीर हो जाता है. झारखंड के बोकारो में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां पहली पत्नी के रहते एक व्यक्ति दूसरी शादी करने पहुंच गया. इसकी जानकारी मिलते ही पहली पत्नी ने पुलिस से मदद मांगी. पुलिस ने होटल पहुंचकर शादी तो रुकवा दी, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित महिला के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं.
होटल में चल रही थी दूसरी शादी की तैयारी
मामला बोकारो के होटल वेस्टइन का है. पटना के संपतचक निवासी निवास कुमार वर्मा 25 नवंबर की रात दूसरी शादी करने पहुंचा था. इसकी जानकारी उसकी पहली पत्नी मुस्कान कुमारी को मिली. इसके बाद उसने बीएस सिटी थाना पुलिस को आवेदन देकर शादी रुकवाने की मांग की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शादी रुकवा दी.
2023 में हुई थी पहली शादी
मुस्कान कुमारी के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2023 में निवास कुमार वर्मा के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में दहेज को लेकर उसे परेशान किया जाने लगा. उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया. इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है.
मुस्कान का आरोप है कि 8 मई 2026 को उसे पति की दूसरी सगाई की जानकारी मिली थी. जब वह अपने ससुराल पहुंची तो उसके साथ दोबारा मारपीट की गई. इसकी शिकायत भी थाने में दर्ज कराई गई थी.
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिवार नाराज
शादी रुकने के बाद मुस्कान के माता-पिता सीमा वर्मा और योगेंद्र कुमार ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई. उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय उसे दूसरी दुल्हन के साथ ऑटो में बैठाकर वहां से जाने दिया. परिजनों ने थाने में आवेदन देने के दौरान भी परेशानी होने की बात कही है.
DSP ने बताई पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में DSP सिटी राजीव रंजन ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी. जांच के दौरान लड़की पक्ष को बताया गया कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसके खिलाफ पटना के गौरीचक थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज है. इसके बाद लड़की पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया और शादी रुक गई.
रिपोर्ट- संजीव कुमार