दोस्त की जान बचाने कूदा किशोर, खुद ही बन गया हादसे का शिकार, DVC रिजर्वायर में डूबने से हुई मौत

दोस्त की जान बचाने कूदा किशोर, खुद ही बन गया हादसे का शिकार, DVC रिजर्वायर में डूबने से हुई मौत

बोकारो (BOKARO): इंसानियत और दोस्ती की मिसाल पेश करने वाला एक 15 वर्षीय किशोर खुद अपनी जान गंवा बैठा. चंद्रपुरा प्रखंड के झरनाडीह के पास स्थित डीवीसी रिजर्वायर में गुरुवार सुबह नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें किशोर दीपक कुमार यादव की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मिली जानकारी के अनुसार, दीपक गुरुवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ कुश्ती अभ्यास करने के बाद डीवीसी रिजर्वायर में नहाने गया था. नहाने के दौरान अचानक उसका एक दोस्त गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा. दोस्त को मुश्किल में देखकर दीपक बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा.

बताया जाता है कि दीपक की कोशिशों से उसका दोस्त किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन इस दौरान दीपक खुद गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका. उसे डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके.

घबराए दोस्तों ने तत्काल आसपास के लोगों और खटाल में मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे तथा खोजबीन शुरू की. काफी प्रयास के बाद दीपक को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल डीवीसी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के अनुसार, मृतक दीपक कुमार यादव स्थानीय व्यवसायी मिलटन यादव का इकलौता पुत्र था. बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. गांव और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर है. लोगों का कहना है कि दीपक ने अपने दोस्त की जान बचाने के लिए साहसिक कदम उठाया, लेकिन किस्मत ने उसे खुद ही इस हादसे का शिकार बना दिया.