बोकारो के कूलिंग पौंड में मिला छात्र का शव, पुलिस जांच में जुटी

बोकारो के सेक्टर-4 कूलिंग पौंड में 20 वर्षीय रोशन कालिंदी का शव मिला. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

बोकारो के कूलिंग पौंड में मिला छात्र का शव, पुलिस जांच में जुटी

बोकारो (BOKARO): सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के कूलिंग पौंड से एक घटना सामने आई है जहां शुक्रवार को एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सेक्टर-9 निवासी रोशन कालिंदी के रूप में हुई है. वह सिटी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार के साथ सेक्टर-9 के क्वार्टर नंबर 134, स्ट्रीट नंबर 11 में रहता था. शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हक के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान कूलिंग पौंड के पास एक व्यक्ति का सिर दिखाई दिया. पुलिसकर्मी जब मौके पर पहुंचे तो पानी में युवक का शव पड़ा मिला. इसके बाद शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, जिसमें रोशन कालिंदी के रूप में उसकी पहचान हुई. परिजनों ने बताया कि रोशन गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. शुक्रवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि, युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. परिजन भी किसी ठोस कारण की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं. बताया गया कि रोशन पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रह रहा था. पुलिस ने मामले में सेक्टर-4 थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. युवक के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके.