बोकारो में हार्ट अटैक से जमादार की मौत,पुलिस लाइन में एसपी ने दी श्रद्धांजलि
बोकारो के हरला थाना में पदस्थापित जमादार केना राम हेम्ब्रम की हृदय गति रुकने से मौत हो गई. उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. सोमवार को पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सलामी दी गई.
बोकारो: हरला थाना में पदस्थापित जमादार केना राम हेम्ब्रम की हृदय गति रुकने से मौत हो गई. उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. सोमवार को पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सलामी दी गई. इसके बाद तिरंगे में लिपटे उनके पार्थिव शरीर को ताबूत में रखकर पैतृक गांव गोड़ा भेजा जा रहा है. इस दौरान पुलिस लाइन में जमादार के परिवार के लोगों को एसपी ने ढांढस बंधाया.
देर रात केना राम हेम्ब्रम की अचानक तबीयत खराब हुई. खान खाने के दौरान उनके सीने में दर्द हुआ. जिसके बाद उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हे देखते ही मृत घोषित कर दिया. अचानक हुई मौत से उनके साथियों में शोक की लहर है. वहीं घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी गई. जिसके बाद अस्पताल पहुँच कर पूरी जानकारी ली. साथ ही परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस लाइन लाया गया.
जहां बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा समेत सभी पुलिस अधिकारी और जवानों ने श्रद्धांजलि दी. साथ ही एसपी ने परिवार के लोगों से मुलाकात कर उन्हे इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया. एसपी ने भरोसा दिलाया की इस उनके जाने के बाद पूरा महकमा परिवार के साथ है. हर मोड पर पुलिस महकमा साथ रहेगा.श्राद्ध के कार्यक्रम के बाद एसपी ने परिवार के लोगों को बुलाया है. उन्होंने कहा कि हमेशा बोकारो पुलिस परिवार के साथ खड़ी रहेगी. इस दौरान श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस लाइन बोकारो में मृतक जमादार की पत्नी और बेटा मौजूद रहा.
परिजनों ने बताया कि वह हरला थाना में जमादार के पद पर तैनात थे और जल्द ही दरोगा बनने वाले थे. दरोगा की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 14 अक्टूबर को हजारीबाग के पदमा से लौटे थे. इसके बाद से इंतजार था जब उनके कंधे पर एक सितारा बढ़ा हुआ दिखेगा. लेकिन अचानक हुए घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है.
रिपोर्ट: संजीव कुमार