बोकारो में देर रात पुलिस का एक्शन, एंटी क्राइम चेकिंग में ड्रंक एंड ड्राइव पर हुई कार्रवाई

बोकारो में पुलिस ने देर रात एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की जांच की. ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराध और सड़क हादसों पर रोक लगाने का संदेश दिया.

बोकारो में देर रात पुलिस का एक्शन, एंटी क्राइम चेकिंग में ड्रंक एंड ड्राइव पर हुई कार्रवाई

बोकारो (BOKARO): जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए बोकारो पुलिस ने रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है. बोकारो एसपी के निर्देश पर डीएसपी सिटी राजीव रंजन के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग इलाकों में देर रात तक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस की टीमों ने सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की.

देर रात सड़कों पर चला जांच अभियान

अभियान के दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमों ने वाहनों को रोककर उनकी जांच की. वाहन के कागजात, चालक की स्थिति और अन्य जरूरी चीजों की जांच की गई. पुलिस ने खास तौर पर नशे में वाहन चलाने वालों पर नजर रखी. जांच के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के कई मामले सामने आए, जिसके बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

पुलिस की अचानक हुई इस चेकिंग से देर रात सड़कों पर बेवजह घूमने वाले लोगों में भी हड़कंप देखने को मिला. पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ ऐसे लोगों की भी जांच की, जिनकी गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं.

अपराध रोकने के साथ हादसों पर भी नजर

डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि एंटी क्राइम चेकिंग का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपराधिक घटना को होने से पहले रोकना है. रात के समय लगातार जांच होने से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी. इसके अलावा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सड़क हादसों को रोकने की भी कोशिश की जा रही है.

उन्होंने कहा कि शहर में इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी. पुलिस का उद्देश्य रात के समय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखना है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं.

रिपोर्ट : संजीव कुमार