बोकारो में CBI की बड़ी कार्रवाई: रिटायर्ड GST अधिकारी के घर छापा, संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच

बोकारो में CBI की बड़ी कार्रवाई: रिटायर्ड GST अधिकारी के घर छापा, संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच

बोकारो (BOKARO): झारखंड के बोकारो जिले में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया. चीरा चास थाना क्षेत्र स्थित कैलाश हाउसिंग कॉलोनी में सीबीआई की टीम ने एक रिटायर्ड जीएसटी अधिकारी के आवास पर छापेमारी शुरू की. कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम शक्ति सिंह नामक व्यक्ति के आवास संख्या-53 पर जांच कर रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर के बाहर "अधीक्षक, भारत सरकार" का बोर्ड लगा हुआ है, जिससे यह कार्रवाई और भी चर्चा का विषय बन गई. छापेमारी के दौरान सीबीआई अधिकारी घर में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और अन्य अभिलेखों की गहन जांच कर रहे हैं. इसके अलावा संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है.

सूत्रों के अनुसार, शक्ति सिंह वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग में अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे और बिहार में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं. करीब दो वर्ष पहले वे सेवानिवृत्त हुए थे. शुरुआती जानकारी के आधार पर माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति या सेवा काल के दौरान हुए किसी वित्तीय अनियमितता से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी पूरे मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है. अधिकारियों ने फिलहाल कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला किस प्रकृति का है और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल बोकारो में सीबीआई की इस कार्रवाई को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं, जबकि सभी की नजर अब एजेंसी की आधिकारिक जानकारी पर टिकी हुई है.