बोकारो पुलिस की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर प्रिंस खान का सहयोगी गिरफ्तार

बोकारो पुलिस की बड़ी कामयाबी, गैंगस्टर प्रिंस खान का सहयोगी गिरफ्तार

बोकारो(BOKARO): बोकारो पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने उसके बेहद करीबी सहयोगी राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. जांच एजेंसियों ने अब उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहन जांच शुरू कर दी है.

पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस की जांच टेक्निकल सेल कर रही है, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आ चुकी हैं. शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि राकेश लंबे समय से प्रिंस खान और उसके गैंग के अन्य सदस्यों के सीधे संपर्क में था और उनके निर्देशों पर काम कर रहा था.

जांच में यह भी सामने आया है कि राकेश कुमार पहले बोकारो के बियाडा क्षेत्र की एक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था. पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने नौकरी शुरू की थी, लेकिन जल्द ही अपराधी नेटवर्क के संपर्क में आ गया. बताया जाता है कि उसे लग्जरी लाइफ और जल्दी पैसे कमाने के लालच ने इस रास्ते पर धकेल दिया.

राकेश को प्रिंस खान से जोड़ने के लिए इंटरनेशनल सिम उपलब्ध कराया गया था, जिसके जरिए वह व्हाट्सएप कॉल पर लगातार संपर्क में रहता था. धीरे-धीरे उसने स्थानीय स्तर पर अपना नेटवर्क खड़ा कर लिया और बोकारो और चास के कई युवकों को अपने साथ जोड़ लिया.

इस गैंग में शामिल युवकों के जरिए रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया है कि बीएमडब्ल्यू कंपनी से रंगदारी मांगने की योजना भी राकेश कुमार ने ही तैयार की थी और उसी ने धमकी भरा पत्र लिखकर फैक्ट्री परिसर के पास फेंकवाया था.

पुलिस ने पहले ही इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि राकेश फरार चल रहा था. तकनीकी निगरानी और एसआईटी की जांच के बाद आखिरकार उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और उसे डुमरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया.

फिलहाल पुलिस राकेश से गहन पूछताछ कर रही है और उसके पूरे नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस गैंग से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं और पूरे नेटवर्क को खत्म करने तक अभियान जारी रहेगा.