अवैध कोयला खनन पर CISF-CCL का बड़ा एक्शन, 8 रैट होल बंद, माफियाओं में मचा हड़कंप

बोकारो के बेरमो में CISF और CCL की संयुक्त कार्रवाई में अवैध कोयला खनन के 8 रैट होल बंद कराए गए.

अवैध कोयला खनन पर CISF-CCL का बड़ा एक्शन, 8 रैट होल बंद, माफियाओं में मचा हड़कंप

बोकारो (BOKARO): झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल में अवैध कोयला खनन के खिलाफ CISF और CCL प्रबंधन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में ढोरी और बीएंडके क्षेत्र के कुल 8 अवैध रैट होल को बंद कराया गया. इनमें ढोरी क्षेत्र के अंगवाली बंद खदान में 3 और बीएंडके क्षेत्र के कारो फेस-2 में 5 रैट होल शामिल हैं. इस कार्रवाई से अवैध कोयला खनन और कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार, CISF और CCL करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि अंगवाली बंद खदान और बीएंडके क्षेत्र के कारो फेस-2 में पिलपिलो के सामने स्थित पहाड़ी पर असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कोयले का उत्खनन किया जा रहा है. सूचना मिलने के बाद उन्होंने CCL ढोरी के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह और बीएंडके के महाप्रबंधक संजय कुमार झा को मामले से अवगत कराया. इसके बाद CISF और CCL प्रबंधन की संयुक्त टीम गठित कर चिह्नित स्थानों पर अभियान चलाया गया.

संयुक्त टीम ने अंगवाली बंद खदान में अवैध खनन के लिए बनाए गए 3 रैट होल और कारो फेस-2 में 5 रैट होल को बंद कराया. अधिकारियों के मुताबिक, अवैध कोयला खनन से सरकार और CCL को राजस्व का नुकसान होता है. इसके साथ ही पर्यावरण को क्षति पहुंचने के अलावा स्थानीय लोगों की जान-माल की सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है. CISF ने स्पष्ट किया है कि कोयला क्षेत्रों में अवैध उत्खनन और कोयले के गैरकानूनी कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट: संजय कुमार