बोकारो पुलिस कि बड़ी कार्रवाई, 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 13 अक्टूबर की रात जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 13 अक्टूबर की रात जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
बोकारो (BOKARO): अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 13 अक्टूबर की रात जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया. इनमें 27 वारंटी और अलग अलग कांडों में वांछित छह अभियुक्त शामिल हैं. अभियान में 77 पुलिस टीमों के 276 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए, इस दौरान 171 संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की गई. वहीं, रिकॉल प्रस्तुत किए जाने के आधार पर 32 गैर-जमानती वारंट का निष्पादन किया गया.
कैसे हुई छापेमारी
DSP पवन कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, लंबित कांडों के निष्पादन और न्यायालय से जारी वारंटों के तामिला के लिए विशेष अभियान चलाया गया. 13 अक्टूबर की रात चलाए गए इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं. इस दौरान 77 पुलिस टीमों में 276 पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को शामिल किया गया, गठित टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में चिह्नित वारंटियों और विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्तों के संभावित 171 ठिकानों पर छापेमारी की.
आगे भी रहेगा अभियान जारी
अभियान के दौरान कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, इनमें 27 वारंटी और छह वांछित अभियुक्त शामिल हैं. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, इसके अलावा रिकॉल दिखाए जाने के आधार पर 32 गैर-जमानती वारंट का निष्पादन किया गया. वहीं, लंबे समय से लंबित तीन स्थायी वारंटों का भी निष्पादन किया गया. बोकारो पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट- संजीव कुमार