बोकारो के ललपनिया में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1,275 लीटर शराब और 420 लीटर स्पिरिट जब्त

बोकारो के ललपनिया स्थित कोचा कुल्ही में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. छापेमारी में 1,275 लीटर शराब और 420 लीटर स्पिरिट जब्त की गई.
बोकारो के ललपनिया में अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1,275 लीटर शराब और 420 लीटर स्पिरिट जब्त

बोकारो (गोमिया) : बोकारो जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार अपराह्न गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने ललपनिया थाना क्षेत्र के कोचा कुल्ही में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब बनाने और भंडारण करने के ठिकाने का भंडाफोड़ किया. छापेमारी के दौरान करीब 1,275 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब और 420 लीटर स्पिरिट बरामद किया गया. मौके से शराब बनाने और उसकी पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है.

उत्पाद विभाग के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद, बोकारो के निर्देश पर निरीक्षक उत्पाद विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की. इस दौरान अवर निरीक्षक उत्पाद, तेनुघाट अंचल जॉय हेंब्रम ने ललपनिया थाना प्रभारी जय प्रकाश एक्का के सहयोग से भगीरथ साव, प्रकाश साव और मदन साव के पक्के मकान में छापेमारी की. टीम को मौके पर पहुंचते देख वहां मौजूद सभी संबंधित व्यक्ति फरार हो गए. इसके बाद ग्रामीणों, उत्पाद विभाग और पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में मकान की तलाशी ली गई.

 अलग-अलग ब्रांड के नाम पर तैयार हो रही थी नकली शराब

तलाशी के दौरान मकान के अलग-अलग कमरों में विभिन्न ब्रांड के नाम पर तैयार की गई विदेशी शराब कार्टून में पैक मिली. यहां मैकडॉवेल नंबर-1, आइकॉनिक, बी-7 और रेड कारपेट सहित कई ब्रांड के नाम पर शराब तैयार कर रखी गई थी. इसके अलावा बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन और विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर भी बरामद किए गए.एक कमरे में 500 लीटर की सफेद पानी की टंकी और दो 200 लीटर के नीले प्लास्टिक ड्रम में तैयार अवैध रंगीन शराब रखी मिली. वहीं, 12 जर्किन में स्पिरिट भी बरामद किया गया. इससे मौके पर बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार करने और उसकी पैकेजिंग किए जाने की आशंका है.

छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद

उत्पाद विभाग की कार्रवाई में बरामद सामग्री का विवरण इस प्रकार है.

  • करीब 100 पेटियों में पैक विभिन्न ब्रांडों की लगभग 900 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब.

  • बिना लेबल की करीब 500 शराब की बोतलें, जिनमें लगभग 375 लीटर शराब थी.

  • 12 जर्किन में करीब 420 लीटर स्पिरिट.

  • विभिन्न ब्रांडों के भारी मात्रा में स्टीकर, ढक्कन और खाली बोतलें.

  • दो पंचिंग मशीन और बड़ी संख्या में खाली कार्टून.

  • एक होंडा साइन मोटरसाइकिल और एक मोटोरोला मोबाइल फोन.

इस तरह कुल करीब 1,275 लीटर तैयार अवैध शराब और 420 लीटर स्पिरिट जब्त किया गया है.  

आरोपियों की तलाश में जुटा उत्पाद विभाग

उत्पाद विभाग ने बरामद सभी सामग्रियों को जब्त कर लिया है. मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी के दौरान फरार हुए लोगों की तलाश भी की जा रही है.कार्रवाई में प्रशिक्षु निरीक्षक उत्पाद विनय कुमार सिंह, अवर निरीक्षक उत्पाद अमित कुमार गुप्ता (सदर अंचल), मंजूर आलम अंसारी (चंद्रपुरा सह बेरमो अंचल), जॉय हेंब्रम (तेनुघाट अंचल) सहित उत्पाद विभाग के अधीनस्थ जवान शामिल थे.

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट