पुलिसवालों के घर ही सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी का क्या होगा? चोरों ने दो पुलिस वाले के घर को बनाया निशाना, इलाके में दहशत
बोकारो जिला अंतर्गत गोमिया थानाक्षेत्र के साड़म नहर रोड में चोरों ने एक ही रात में दो बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. सबसे चौकने वाली बात यह रही कि दोनों पीड़ित पुलिस विभाग से जुड़े हुए हैं.
बोकारो (BOKARO): झारखंड के अलग अलग जिलों से चोरी के खबर आती ही रहती है लेकिन पुलिस प्रशासन कोई सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं करती. ऐसे में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे है. ताज़ा मामला बोकारो से सामने आया. चोरों ने एक ही रात में 2 घरों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया. दरअसल, जिला अंतर्गत गोमिया थानाक्षेत्र के साड़म नहर रोड में चोरों ने एक ही रात में दो बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. सबसे चौकने वाली बात यह रही कि दोनों पीड़ित पुलिस विभाग से जुड़े हुए हैं. ऐसे में चोरी की घटना हो जाना सवाल खड़े करता है. इस घटना के बाद घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
पहली घटना- चतरा पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत सुनील पासवान के घर में चोरी
सुनील पासवान चतरा जिले में पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत हैं. वे परिवार सहित चतरा में ही रहते हैं. साड़म स्थित उनका घर माता-पिता की देखरेख में रहता है. उनके माता-पिता सुबह-शाम घर की साफ-सफाई कर रात को अपने दूसरे घर में सोने चले जाते हैं. चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया और बंद घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए. हालांकि क्या और कितने की चोरी हुई है, इसका सही आकलन गृहस्वामी के आने के बाद ही हो पाएगा.
दूसरी घटना- तेनुघाट ओपी के पूर्व एसपीओ आनंद पासवान के घर में चोरी
तेनुघाट ओपी के पूर्व एसपीओ आनंद पासवान के घर में हुई है. आनंद ने बताया कि वे घर में ताला लगाकर पूरे परिवार के साथ छठ पूजा में अपने ससुराल हजारीबाग गए हुए थे. आज सुबह सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है. आनन-फानन में वे साड़म पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर लोहे की अलमारी खुली पड़ी है. अलमारी के लॉकर में रखे लगभग साढ़े तीन से चार लाख रुपये के गहने गायब थे. चोरी गए सामान में तीन जोड़े चांदी के पायल, दो सोने की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र और पांच हजार रुपये नकद शामिल हैं. पीड़ित आनंद ने बताया कि उन्होंने पाई-पाई जमा कर अपनी दो बेटियों की शादी के लिए ये गहने बनवाकर रखे थे, जिसे चोर उड़ा ले गए. उन्होंने बताया कि वे तेनुघाट ओपी में एसपीओ के रूप में कार्यरत थे, लेकिन वर्ष 2023 में सरकार ने उन्हें कार्य से बैठा दिया.
गोमिया पुलिस ने छठ पूजा से पहले लोगों से की थी अपील
छठ पूजा से पहले गोमिया थानाप्रभारी ने आम लोगों से अपील की थी कि पूजा के दौरान घर से बाहर जाने पर घर को पूरी तरह सुरक्षित करके जाएं और किसी को घर की सुरक्षा का जिम्मा देकर ही जाएं. इसके बावजूद एक ही मोहल्ले में दो घरों में चोरी हो गई. अब लोगों के मन में यही सवाल उठ रहा है कि जब पुलिस विभाग में कार्यरत लोगों के घर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी के घर कैसे सुरक्षित रहेंगे?फिलहाल पुलिस को सूचना दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट- संजय कुमार