बोकारो में कार-बाइक की टक्कर के बाद भड़की आग, दो युवक हुए घायल, देखिए कैसे धू-धू कर जलने लगी नई गाड़ी
सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में नेक्सा शोरूम के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक की टंकी फट गई और पास की चाय दुकान में रखे चूल्हे से आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने कार और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया.
बोकारो (BOKARO): सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में नेक्सा शोरूम के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक की टंकी फट गई और पास की चाय दुकान में रखे चूल्हे से आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने कार और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग और बोकारो स्टील अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया.
जानकारी के मुताबिक, नेक्सा शोरूम से दो व्यक्ति फ्रॉन्क्स कार की ट्रायल के लिए निकले थे. बताया जा रहा है कि शोरूम में डेमो कार उपलब्ध नहीं होने के कारण नई कार को ही ट्रायल के लिए दिया गया था. लेकिन गाड़ी अनियंत्रित हो कर पास में खड़ी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बाइक की टंकी फट गई और पास की चाय दुकान में रखे चूल्हे से आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि कार और बाइक दोनों जलकर पूरी तरह खाक हो गईं.
इस हादसे में चाय दुकान में बैठा एक व्यक्ति और कार में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड अग्निशमन विभाग और बोकारो स्टील अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल सेक्टर-4 थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस हादसे के कारणों और कार की तेज रफ्तार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.