बोकारो सेक्टर-4 में आधी रात धधका बिजली का पोल, समय रहते टला बड़ा हादसा 

बोकारो के सेक्टर-4 में बीजीएच के सामने देर रात बिजली के पोल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बीएसएल फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पाया. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

बोकारो सेक्टर-4 में आधी रात धधका बिजली का पोल, समय रहते टला बड़ा हादसा

बोकारो (BOKARO): सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में बीजीएच के सामने देर रात बिजली के एक पोल में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना करीब रात 12 बजे की बताई जा रही है. आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना तत्काल बीएसएल फायर ब्रिगेड को दी.सूचना मिलने के बाद बीएसएल फायर ब्रिगेड की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची. टीम ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया. समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग आसपास के हिस्सों तक नहीं पहुंच सकी. घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है.

बिजली आपूर्ति रोककर किया गया राहत कार्य

आग बुझाने के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई. इससे दमकलकर्मियों को राहत कार्य करने में आसानी हुई और करंट से होने वाले संभावित हादसे का खतरा भी कम किया गया.अग्निशमन पदाधिकारी सुन राम दास के मुताबिक, जिस पोल में आग लगी थी, वहां बड़ी संख्या में अलग-अलग केबल लगे हुए थे. इनमें जियो फाइबर, एयरटेल समेत अन्य संचार सेवाओं से जुड़े तार शामिल बताए गए. आशंका थी कि यदि आग इन तारों के सहारे आगे बढ़ती तो आसपास के दूसरे हिस्से भी इसकी चपेट में आ सकते थे.

एक ही पोल पर कई केबल, सुरक्षा पर सवाल

फायर ब्रिगेड की कार्रवाई के बाद आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई. हालांकि, एक ही बिजली के पोल पर बड़ी संख्या में बिजली और संचार के तार लगे होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ऐसी स्थिति में शॉर्ट सर्किट या आग की घटना बड़े हादसे का कारण बन सकती है.