बोकारो में डीप बोरिंग और जलमीनार का होगा निर्माण, दूर होगी पानी की किल्लत
जिले में पानी की समस्या से अब लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने पहल की है.
जिले में पानी की समस्या से अब लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने पहल की है.
बोकारो(BOKARO): जिले में पानी की समस्या से अब लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने पहल की है. विधायक मद से माराफारी जोन समेत विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में डीप बोरिंग और जलमीनार का निर्माण कराने के लिए 56 लाख रुपये दिए गए हैं. रविवार को कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह ने इस योजना का उद्घाटन किया और इसे जनता को समर्पित किया है.
क्या बोलीं विधायक
विधायक ने बताया कि उनके क्षेत्र में पानी की समस्या सबसे गंभीर है और इसी को देखते हुए विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर डीप बोरिंग और जलमीनार की योजना को धरातल पर उतारा गया है.

कहां-कहां होगी बोरिंग
अगर बात करें कि ये बोरिंग कहां-कहां होने वाली है, तो इनमें नया मोड़ बस स्टैंड, वार्ड संख्या-7 के श्मशान काली मंदिर के पास, बीएसएल एलएच स्ट्रीट-1, जोशी कॉलोनी स्थित पलामू भवन के पास, जोशी कॉलोनी निचला मोड़, भगत कॉलोनी, लकराखंडा और हाटिंग कॉलोनी में दुग्गल गेट के पास बोरिंग की जगह शामिल है. खासकर नया मोड़ बस स्टैंड में जलमीनार शुरू होने से यहां आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
स्थानीय लोगों के क्या हैं विचार
इस योजना से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है. लोगों का कहना है कि इलाके में पानी की कमी होना एक गंभीर समस्या है, लेकिन इस योजना से उनकी काफी मदद होगी और इलाके में पानी की समस्या भी दूर हो जाएगी.
अब देखना होगा कि इस योजना से लोगों को कितनी राहत मिलती है और क्षेत्र में पानी की समस्या कब तक खत्म होती है, या ये योजना सिर्फ कागजों पर ही सीमित रह जाती है.
रिपोर्ट - संजीव कुमार