लुगूबुरु महोत्सव में आज शामिल होंगे CM हेमंत सोरेन, परिवार के साथ करेंगे पूजा-अर्चना
जिले के ललपनिया स्थित लोगो लुगूबुरु घंटाबड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे परिवार के साथ शिरकत करेंगे.
जिले के ललपनिया स्थित लोगो लुगूबुरु घंटाबड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे परिवार के साथ शिरकत करेंगे.
बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लोगो लुगूबुरु घंटाबड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में आज राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे परिवार के साथ शिरकत करेंगे. यह आदिवासियों का सबसे बड़ा धर्मस्थल है, जहां देश और विदेश से आदिवासी समाज के लोग पहुंचकर लोगो लुगू बाबा की गुफा में दर्शन और पूजन करते हैं. इस महोत्सव में लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं.
लोगो लुगू बाबा की गुफा में दर्शन के लिए उमड़ते हैं श्रद्धालु
लोगो लुगूबुरु घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ आदिवासी समाज की गहरी आस्था का केंद्र है. यहां स्थित लोगो लुगू बाबा की गुफा में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं. तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भी कार्यक्रम स्थल पर विशेष व्यवस्था की गई है.
डीसी-एसपी ने खुद संभाली तैयारियों की कमान
महोत्सव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया है. उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने लगातार दो दिनों तक कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया गया.
पहाड़ और गुफा के पास पहली बार पुलिस सहायता केंद्र
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बोकारो पुलिस की ओर से पहली बार पहाड़ और गुफा के पास पुलिस सहायता केंद्र स्थापित किया गया है. यहां जरूरतमंद श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशासन की प्राथमिकता है कि दर्शन और पूजा के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार के साथ इस महोत्सव में शामिल होने को लेकर आयोजन का महत्व और बढ़ गया है. अब श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की निगाहें मुख्यमंत्री के आगमन और महोत्सव के कार्यक्रमों पर टिकी हैं.
रिपोर्ट- संजीव कुमार