लुगूबुरू महोत्सव में पहुंचे CM हेमंत सोरेन, आदिवासियों से बोले- एकजुट होकर लड़ें अधिकारों की लड़ाई

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक स्थल लुगूबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में शामिल होने ललपनिया पहुंचे. लुगूबुरू महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संदेश दिया.

बोकारो (BOKARO): झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आदिवासी समाज के प्रमुख धार्मिक स्थल लुगूबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव में शामिल होने ललपनिया पहुंचे. यहां उन्होंने धर्म सम्मेलन को संबोधित किया और आदिवासी समाज को एकजुटता का संदेश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा.

लुगूबुरू महोत्सव में आयोजित धर्म सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया. उन्होंने एसआईआर, झारखंड की खनिज संपदा और केंद्र सरकार द्वारा राज्य की कथित उपेक्षा का जिक्र करते हुए आदिवासी समाज को जागरूक और संगठित रहने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है, लेकिन इसके बावजूद राज्य और यहां के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखने की कोशिश की जाती रही है. ऐसे में समाज को अपने हक के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी समाज के संघर्ष और साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज हमेशा से चुनौतियों का सामना करता आया है. आदिवासियों ने कभी भी संघर्ष से पीछे हटना स्वीकार नहीं किया है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज न कभी डरा है और न कभी थका है. आगे भी अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई जारी रखेगा.

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, उनका डटकर मुकाबला किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज की लड़ाई केवल वर्तमान परिस्थितियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी पहचान, अस्तित्व और आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों से जुड़ी हुई है. लुगूबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित इस राजकीय महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आदिवासी श्रद्धालु और समुदाय के लोग पहुंच रहे हैं. महोत्सव के माध्यम से आदिवासी परंपरा, धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है.

रिपोर्ट: संजीव कुमार