बोकारो: जहां से हुई थी राज्यस्तरीय स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 की शुरुआत, आज वहीं लगा है गंदगी का अंबार
बोकारो: सितम्बर 2025 में जिस जगह से राज्यस्तरीय स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान की हुई थी शुरुआत, आज वहां है गंदगी का अंबार, जी हां, हम बात कर रहे हैं बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड क्षेत्र स्थित साड़म का.
बोकारो: सितम्बर 2025 में जिस जगह से राज्यस्तरीय स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान की हुई थी शुरुआत, आज वहां है गंदगी का अंबार, जी हां, हम बात कर रहे हैं बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड क्षेत्र स्थित साड़म का. गौरतलब है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसहभागिता से साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सितम्बर 2025 में राज्यस्तरीय 'स्वच्छता ही सेवा 2025' अभियान की शुरुआत साड़म से हुई थी. संतोषी मंदिर के समीप मैदान में बने मंच से झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने इसका विधिवत उद्घाटन किया था. उस अवसर पर जिला एवं प्रखंड के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे. उद्घाटन के बाद मंत्री, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में झाड़ू लेकर श्रमदान किया था और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया था. मैदान के चारों ओर फलदार और छायादार पौधे भी लगाए गए थे.लेकिन एक साल के भीतर ही इस ऐतिहासिक शुरुआत की चमक फीकी पड़ गई है.

आज की हकीकत:-
आज उसी मैदान के समीप से डैम की ओर जाने वाली सड़क के किनारे कचरे का अंबार लगा हुआ है. जगह-जगह फैली गंदगी से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैली हुई है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो गया है. वहीं मैदान के बगल में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए जिला परिषद सदस्य आकाशलाल सिंह की अनुशंसा पर सीसीएल द्वारा सीएसआर मद से वर्ष 2024 में बनाए गए शौचालय पर भी ताला लटका हुआ है. शौचालय के दोनों दरवाजे बंद होने से वह अनुपयोगी साबित हो रहा है.
अब साड़म की जनता सवाल उठा रही है कि क्या किसी योजना या अभियान का सिर्फ उद्घाटन कर देने से समस्या का समाधान हो जाता है? उस पर निरंतर काम करने की जरूरत नहीं है? आखिर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की नजर इस ओर कब पड़ेगी?
बोकारो, गोमिया से संजय कुमार की रिपोर्ट,