बोकारो स्टील आंदोलन से झुका,12 दिन बाद खत्म हुआ अनशन,जानिए क्या हुई वार्ता
बोकारो: स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर पिछले 12 दिनों से चल रही विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज खत्म हो गई. पिछले दिनों मंत्री के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रहने के बाद आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया था.
बोकारो: स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर पिछले 12 दिनों से चल रही विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आज खत्म हो गई. पिछले दिनों मंत्री के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रहने के बाद आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया था. लेकिन आज बोकारो डीसी अजय नाथ झा की पहल पर बोकारो निवास में बीएसएल प्रबंधन के अधिकारियों, विस्थापितों और बोकारो की कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के बीच कई घंटे तक बैठक हुई. बैठक के बाद आंदोलन खत्म करने पर सहमति बनी.
बैठक में तैयार किए गए मिनट्स को डीसी मुख्य सचिव और गृह सचिव को भेजेंगे, जबकि बीएसएल प्रबंधन के अधिकारी इसे सेल अध्यक्ष के पास भेजेंगे. बैठक में चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली शुरू करने और अप्रेंटिस का प्रशिक्षण पूरा कर चुके विस्थापितों को नियोजन देने के मुद्दे पर चर्चा हुई. हालांकि, इन मांगों पर अंतिम निर्णय के लिए सेल मुख्यालय से सहमति लेनी होगी. ऐसे में आंदोलन खत्म होने के बाद अब विस्थापितों की निगाहें प्रबंधन और सेल मुख्यालय के फैसले पर टिकी हैं.
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि सार्थक वार्ता हुई है. अप्रेंटिस और विस्थापित दोनों परिवार के मौजूदगी में बात हुई है. सभी की सहमति से आंदोलन को फिलहाल खत्म करने पर निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि नियोजन की बात को अब आगे बढ़ाना है. 7 दिनों के अंदर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आश्वासन मिला है. जिसके बाद भूख हड़ताल को खत्म कर दिया गया. अब आगे के काम करने पर जोर दिया जाएगा.साथ ही उन्होंने कहा कि संघ के साथ वह हमेशा खड़ी रहेंगी. कभी किसी को भी जरूरत होगी तो वह उनकी प्रतिनिधि का दायित्व निभाती दिखेगी. आने वाले दिनों में इस वार्ता का परिणाम भी देखने को मिलेगा.