बोकारो: लुगुबुरू महोत्सव को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी तेज, डीसी-एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

ललपनिया में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव की तैयारी तेज हो गई है. महोत्सव की तैयारियों को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ललपनिया का दौरा किया.

बोकारो: लुगुबुरू महोत्सव को विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी तेज, डीसी-एसपी ने किया स्थल निरीक्षण

बोकारो (BOKARO): जिले के ललपनिया में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव को ऐतिहासिक और विश्वस्तरीय बनाने की तैयारी तेज हो गई है.  महोत्सव की तैयारियों  को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ललपनिया का दौरा किया.  दोनों अधिकारियों ने मुख्य पूजा स्थल पुनाय थान, मुख्य कार्यक्रम स्थल, टेंट सिटी, हेलीपैड और विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया.  इसके बाद आयोजन समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

उपायुक्त ने दिया संदेश

उपायुक्त ने कहा कि लुगुबुरू महोत्सव संथाल समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है.  इसे ऐसा स्वरूप देना है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच झारखंड की आदिवासी संस्कृति को वैश्विक पहचान मिले. महोत्सव में चिकित्सा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.  22 से 24 नवंबर तक पहाड़ पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी.  रास्ते में भी मेडिकल कैंप बनाए जाएंगे और आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को नीचे लाने के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था होगी.

उपायुक्त ने दिया निर्देश

वहीं, आश्रम विद्यालय से महोत्सव स्थल तक करीब छह किलोमीटर के रास्ते में डिवाइडर, बैरिकेडिंग और विशेष ट्रैफिक व्यवस्था की जाएगी. 24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए बड़े वाहनों की पार्किंग आश्रम विद्यालय के समीप होगी. इसके अलावा स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, आकर्षक लाइटिंग और आदिवासी संस्कृति पर आधारित सजावट की विशेष व्यवस्था की जाएगी.  मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना और मंचीय कार्यक्रम को लेकर भी मिनट-टू-मिनट तैयारी करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार लुगुबुरू महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सम्मान मिले तथा संथाल समाज की परंपरा और संस्कृति की झलक विश्व पटल पर पहुंचे.

रिपोर्ट- संजीव कुमार