NH-32 पर बेतरतीब पार्किंग पर बोकारो पुलिस का एक्शन, 58 भारी वाहनों से ₹37,700 जुर्माना

बोकारो में NH-32 के किनारे खड़े भारी वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. 58 वाहनों से ₹37,700 जुर्माना वसूला गया और सड़क किनारे पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

NH-32 पर बेतरतीब पार्किंग पर बोकारो पुलिस का एक्शन, 58 भारी वाहनों से ₹37,700 जुर्माना

बोकारो (BOKARO): नेशनल हाईवे के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े भारी वाहनों को लेकर बोकारो पुलिस और जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. सड़क किनारे खड़े ट्रकों और दूसरे बड़े वाहनों की वजह से अक्सर जाम की स्थिति बनती है और हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है. जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे के बाद बोकारो में भी इस समस्या को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है.

NH-32 पर चला विशेष अभियान

ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस ने NH-32 पर ITI मोड़ से तेलगड़िया मोड़ तक अभियान चलाया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध तरीके से खड़े बड़े वाहनों की जांच की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 58 वाहनों से 37 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला.

पुलिस ने वाहन चालकों और मालिकों को साफ तौर पर चेतावनी दी कि वे नेशनल हाईवे के किनारे वाहन खड़ा न करें. अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर भारी वाहनों की पार्किंग से दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होती है और अचानक सामने आने वाले वाहन के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

नहीं हटे वाहन तो क्रेन से होंगे जब्त

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सिर्फ जुर्माना लगाकर कार्रवाई खत्म नहीं होगी. अगर चेतावनी के बाद भी वाहन सड़क किनारे खड़े पाए गए, तो उन्हें क्रेन की मदद से हटाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर जब्त भी किया जाएगा.

पार्किंग की व्यवस्था नहीं होना बड़ी चुनौती

ट्रैफिक डीएसपी अजय प्रसाद ने बताया कि बोकारो का यह इलाका बड़ी मंडी के तौर पर जाना जाता है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है. लेकिन वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण चालक सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं.

पुलिस ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नेशनल हाईवे प्रबंधन और नगर निगम से भी सहयोग मांगा है, ताकि सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की जा सके और सड़क हादसों के खतरे को कम किया जा सके.

रिपोर्ट : संजीव कुमार