बोकारो: कथारा में देर रात जुआरियों के खिलाफ पुलिस का अभियान, कई युवक पकड़े गए
कथारा ओपी पुलिस ने देर रात जुआरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कई युवकों को पकड़ा. चेतावनी देकर छोड़ा, दोबारा पकड़े जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई.
कथारा ओपी पुलिस ने देर रात जुआरियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कई युवकों को पकड़ा. चेतावनी देकर छोड़ा, दोबारा पकड़े जाने पर होगी कानूनी कार्रवाई.
बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले के कथारा ओपी क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने देर रात विशेष धर-पकड़ अभियान चलाया. मंगलवार की रात ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर अचानक छापेमारी की. इस दौरान कई युवक जुआ खेलते हुए पकड़े गए. पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
छापेमारी के दौरान पकड़े गए युवकों को पुलिस ने कड़ी हिदायत दी. पहली बार जुआ खेलते पकड़े जाने के कारण सभी को समझा-बुझाकर और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी देकर घर भेज दिया गया. ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में जुआ जैसी अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने युवाओं से नशे और जुए जैसी बुरी आदतों से दूर रहने की अपील की.
ओपी प्रभारी ने कहा कि जुआ के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. यदि दोबारा कोई व्यक्ति जुआ खेलते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है. वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस के अभियान की सराहना करते हुए इसे सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने की दिशा में सकारात्मक पहल बताया है.
रिपोर्ट: संजय रवानी