बोकारो: अवैध तेल डिपो में लगी भीषण आग, 1000 लीटर से अधिक पेट्रोल-डीजल और एथेनॉल जलकर राख
बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित तेल डिपो में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना जैनामोड़ फोरलेन चौक के पास की है, जहां पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल का अवैध भंडारण किया जा रहा था.
बोकारो (BOKARO): बोकारो के जरीडीह थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित तेल डिपो में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना जैनामोड़ फोरलेन चौक के पास की है, जहां पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल का अवैध भंडारण किया जा रहा था. आग इतनी भयावह थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
जैनामोड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से इलाके में आधा दर्जन से अधिक अवैध तेल डिपो संचालित हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल से लदे वाहनों से तेल निकालकर इन डिपो में जमा किया जाता है और फिर कम कीमत पर बेचा जाता है. आज लगी आग में एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल जलने की बात कही जा रही है.
आग में एक हजार लीटर से अधिक तेल जलने की बात
संजय सिंह के अनुसार, जैनामोड़ फोरलेन चौक के पास स्थित तेल डिपो में लगी आग में एक हजार लीटर से अधिक पेट्रोल, डीजल और एथेनॉल जलकर राख हो गया. हालांकि, आग लगने के कारणों और नुकसान का आधिकारिक आकलन सामने आना बाकी है. आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा. दमकलकर्मियों की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
भीड़भाड़ वाले इलाके से अवैध डिपो हटाने की मांग
घटना के बाद जैनामोड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने प्रशासन से इलाके में चल रहे सभी अवैध तेल डिपो के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में ज्वलनशील पदार्थों का इस तरह भंडारण करना कभी भी बड़े हादसे की वजह बन सकता है. प्रशासन को ऐसे डिपो की पहचान कर उन्हें बंद कराना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके.
रिपोर्ट- संजीव कुमार