बोकारो: भीषण आग से तबाही, सेक्टर-6 डेली मार्केट की 8 दुकानें चपेट में, लाखों का नुकसान
बोकारो के सेक्टर-6 स्थित डेली मार्केट में रविवार सुबह भीषण आग लग गई. आग की चपेट में मिठाई, सैलून और ग्लास समेत करीब 7 से 8 दुकानें आ गईं. दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
बोकारो (BOKARO): सेक्टर-6 स्थित डेली मार्केट में रविवार सुबह करीब 6 बजे अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैलने के कारण करीब 7 से 8 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं. कुछ ही समय में दुकानों के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया. इस घटना में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है. हालांकि नुकसान की सही रकम का आकलन अभी किया जा रहा है.
आग लगने की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को अपनी दुकानों से सामान निकालने का मौका भी नहीं मिला.
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मिठाई, सैलून समेत कई दुकानें जलकर राख
आग की चपेट में मिठाई की दुकान, पूजा सिटी गोल्ड, सैलून, दुर्गा ग्लास और विशन सेंटर समेत कई दुकानें आई हैं. प्रसाद मिठाई दुकान की तीन दुकानें भी जलने की बात सामने आई है. दुकानों के अंदर रखा लगभग पूरा सामान आग में नष्ट हो गया.
घटना के बाद दुकानदार काफी परेशान हैं. उन्होंने बताया कि सुबह आग लगने के समय वे अपने घरों में सो रहे थे. सूचना मिलने पर जब तक वे बाजार पहुंचे, आग काफी फैल चुकी थी. विश्वकर्मा पूजा नजदीक होने के कारण दुकानदारों ने ऑर्डर का काफी सामान मंगाकर रखा था. एक दुकानदार ने बताया कि दुकान में रखे 10 हजार रुपये भी आग में जल गए. दुकानदारों का कहना है कि इस हादसे में उनकी वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी खत्म हो गई.