बोकारो: 40 लाख के जेवर चोरी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अब तक पाँच गिरफ्तार
चंद्रपुरा स्थित डीवीसी कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई करीब 40 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक किशोर भी शामिल है.
बोकारो (BOKARO): चंद्रपुरा स्थित डीवीसी कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई करीब 40 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक किशोर भी शामिल है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के कई आभूषण बरामद किए गए हैं. इससे पहले पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके पास से चांदी के कुछ सामान और 5,500 रुपये नकद बरामद हुए थे. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है.
बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 29 सितंबर 2026 को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के डीवीसी कॉलोनी स्थित क्वार्टर संख्या एफ/डी-05 में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. पीड़ित की ओर से करीब 40 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी गई थी. इस मामले में चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज किया गया था.
विशेष टीम गठित की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने रोहित कुमार और विजय कुमार को कमला माता मंदिर पहाड़ी से गिरफ्तार किया था. इनके पास से चोरी के कुछ चांदी के सामान और 5,500 रुपये नकद बरामद किए गए थे.
पूछताछ के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने 13 अक्टूबर को मो. दानिश, शाहिल उर्फ कारु और एक विधि विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया. इनकी निशानदेही पर चोरी के अन्य सामान भी बरामद किए गए.
बरामद सामान में चार कड़े, 11 कंगन, 24 चूड़ियां, एक मंगलसूत्र, 17 अंगूठियां, तीन गले के हार, 13 जोड़ी कान के झुमके, एक स्टोन जड़ित नोज पिन, एक स्टोन जड़ित नथिया, एक कमरबंद और दो छोटे गले के हार. एसडीपीओ ने बताया कि जितना कांड दर्ज करने के दौरान चोरी की बात लिखी गई थी उतने जीव रात की चोरी नहीं हुई थी.
रिपोर्ट: संजीव कुमार