बोकारो में फरार वारंटी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान,चतरोचट्टी थाना ने एक को किया गिरफ्तार

बोकारो में फरार वारंटी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान,चतरोचट्टी थाना ने एक को किया गिरफ्तार

बोकारो (BOKARO) : जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक फरार वारंटी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

पुलिस को उसकी तलाश थी

गिरफ्तार वारंटी की पहचान रविन्द्र साव (33 वर्ष), पिता स्वर्गीय बासुदेव साव, निवासी ग्राम हुरलुंग, थाना चतरोचट्टी के रूप में हुई है. वह ST केस संख्या 373/2018 तथा चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 07/18 में लंबे समय से वांछित था. पुलिस को उसकी तलाश थी और उसके विरुद्ध न्यायालय से वारंट जारी था.

घर पर दबिश दी

चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशिशेखर के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर उसके घर पर दबिश दी. पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए रविन्द्र साव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

इस छापामारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक कुन्दन कुमार यादव, हवलदार महेश तामसोय, आरक्षी सहदेव प्रसाद यादव, शिवनंदन हांसदा तथा रामेश्वर यादव शामिल थे। पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए बिना किसी बाधा के वारंटी को गिरफ्तार कर लिया.

सुरक्षित माहौल में रह सकें

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिक सुरक्षित माहौल में रह सकें.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी फरार आरोपी या अपराधी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. झारखंड पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी.

रिपोर्ट – संजय कुमार