बोकारो में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद, 1080 कैन बीयर जब्त
बोकारो के पिंड्राजोरा में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान XUV 500 से 45 कार्टन में रखी 1080 कैन Haywards 5000 बीयर बरामद की. वाहन भी जब्त कर लिया गया है.
बोकारो के पिंड्राजोरा में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान XUV 500 से 45 कार्टन में रखी 1080 कैन Haywards 5000 बीयर बरामद की. वाहन भी जब्त कर लिया गया है.
बोकारो (BOKARO): जिले से अवैध शराब के खिलाफ पिंड्राजोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन जांच अभियान के दौरान अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने सफेद रंग की महिंद्रा XUV 500 से 45 कार्टन में रखी कुल 1080 कैन Haywards 5000 बीयर जब्त की है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर चास की तरफ जाया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने चास कॉलेज के पास विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया था. इसी दौरान संदिग्ध XUV 500 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस के नाके को तोड़कर वाहन लेकर भागने लगा.
पुलिस ने वाहन के भागने के बाद उसका पीछा शुरू किया. काफी दूर तक पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बिरसा बासा के पास वाहन को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें 45 कार्टन बरामद हुए. इन कार्टनों में कुल 1080 कैन Haywards 5000 बीयर रखी हुई थी. पुलिस ने अवैध शराब की पूरी खेप के साथ महिंद्रा XUV 500 को भी जब्त कर लिया है. थाना प्रभारी रवि कुमार के अनुसार, वाहन की गतिविधियों पर पुलिस को पहले से संदेह था और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए यह बरामदगी की गई.
मामले में पिंड्राजोरा थाना कांड संख्या 109/26 दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने वाहन मालिक, चालक और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे चास में कहां पहुंचाया जाना था. साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.