BOKARO:बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में एक पंचायत समिति सदस्य पर शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है. इस मामले में पीड़िता ने गोमिया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
पीड़िता का आरोप है कि स्वांग दक्षिणी पंचायत के एक पंचायत समिति सदस्य ने शादी का भरोसा देकर करीब तीन वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. युवती का कहना है कि आरोपी लगातार उसे भरोसा दिलाता रहा कि वह उससे शादी करेगा. इसी विश्वास में वह उसके संपर्क में रही. बातचीत बनाए रखने के लिए आरोपी ने उसे एक मोबाइल फोन भी दिया था, जिसके जरिए दोनों के बीच लगातार संपर्क होता रहा.
शिकायत में पीड़िता ने यह भी बताया कि करीब एक महीने पहले उसके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे. इसी दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर आरोपी कथित रूप से गाली-गलौज पर उतर आया. उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी.
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने कई बार आरोपी से शादी को लेकर बात की, लेकिन अब वह अपने वादे से पीछे हट गया है. इतना ही नहीं, शादी की बात करने पर वह जान से मारने की धमकी भी दे रहा है. लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह काफी डरी हुई थी. आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और पूरे मामले की जानकारी लिखित रूप में दी.
शिकायत मिलने के बाद गोमिया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि पीड़िता का आवेदन प्राप्त हो गया है और उसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच के दौरान दोनों पक्षों से पूछताछ के साथ-साथ उपलब्ध साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जाएगा. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है.

