बोकारो (BOKARO): जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां एसपी नाथू सिंह मीणा ने रिश्वत मांगने और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोपों में बालीडीह थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है. एसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जब तक थाने में नए नियमित प्रभारी की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हेडक्वार्टर डीएसपी को बालीडीह थाने की तमाम गतिविधियों और कामकाज की कमान सौंपी गई है.
यह पूरा मामला एक जमीन विवाद और उससे जुड़ी रिश्वतखोरी से उत्पन्न हुआ है. कुछ समय पहले ही इसी प्रकरण में एसपी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना के जमादार याकूब अंसारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था. जमादार की इस गिरफ्तारी के बाद से ही मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं और पुलिस महकमे के भीतर चल रहे इस भ्रष्टाचार के खेल का पर्दाफाश हुआ, जिसने सीधे थाना प्रभारी को भी जांच के दायरे में ला खड़ा किया.
बता दें, पीड़ित शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि कुछ भू-माफियाओं और दबंगों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे. जब पीड़ित न्याय की गुहार लेकर बालीडीह थाना पहुंचा, तो तत्कालीन थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने कार्रवाई के एवज में मोटी रिश्वत की मांग की. रिश्वत देने से मना करने पर शिकायतकर्ता के साथ न केवल बदसलूकी और दुर्व्यवहार किया गया, बल्कि उन्हें डांटकर थाने से बाहर भगा दिया गया था.

