बोकारो: 72 घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़ा गोलीकांड का आरोपी, देसी सिक्सर और दो कारतूस बरामद

बोकारो के नावाडीह गोलीकांड में फरार आरोपी कारू महतो को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर आहरडीह के जंगल से गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से देशी सिक्सर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.

बोकारो: 72 घंटे में पुलिस के हत्थे चढ़ा गोलीकांड का आरोपी, देसी सिक्सर और दो कारतूस बरामद

बोकारो (BOKARO): बोकारो पुलिस ने नावाडीह गोलीकांड का खुलासा करते हुए महज 72 घंटे के भीतर फरार आरोपी कारू महतो को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे आहरडीह के लंगड़ा टांड़ स्थित घने जंगल से घेराबंदी कर पकड़ा. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी मेड लोहे का सिक्सर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि आरोपी जंगल में छिपकर किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में था.

इस संबंध में बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 7 नवंबर की सुबह करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच नावाडीह थाना क्षेत्र के बासी बेड़ा टोला निवासी कुलदीप महतो अपने घर से नावाडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बासी बेड़ा पुल के पास नावाडीह निवासी कारू महतो ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने कुलदीप महतो को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उनकी जान बच गई. वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पीड़ित कुलदीप महतो के लिखित बयान पर नावाडीह थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. इसमें बेरमो अंचल पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार, नावाडीह थाना प्रभारी अनिल लिंडा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर आरोपी की तलाश में जुटी थी. इस दौरान मानवीय सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

इसी क्रम में 9 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आहरडीह के लंगड़ा टांड़ स्थित घने जंगल में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन चारों तरफ से घिर जाने के कारण वह बचकर निकलने में सफल नहीं हो सका. पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी मेड लोहे का सिक्सर और दो जिंदा कारतूस मिले. अवैध हथियार बरामद होने के बाद थाना प्रभारी के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी भी दर्ज की गई है.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार कारू महतो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. महज 72 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी को बोकारो पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.

रिपोर्ट: संजय रवानी