बोकारो: सदर अस्पताल के कमरे में फंदे से लटका मिला फिजियोथैरेपिस्ट का शव, जांच में जुटी पुलिस

बोकारो: सदर अस्पताल के कमरे में फंदे से लटका मिला फिजियोथैरेपिस्ट का शव, जांच में जुटी पुलिस

बोकारो (BOKARO): बोकारो सदर अस्पताल में कार्यरत फिजियोथैरेपिस्ट वीरेंद्र कुमार महतो का शव अस्पताल के फिजियोथैरेपी कक्ष में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, अस्पताल के सफाईकर्मियों ने देखा कि फिजियोथैरेपी कक्ष का दरवाजा बंद नहीं था. जब वे अंदर पहुंचे तो वीरेंद्र कुमार महतो का शव सीलिंग फैन से लटका हुआ मिला. घटना की सूचना तत्काल अस्पताल प्रबंधन को दी गई. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. मृतक बोकारो के सेक्टर-1 स्थित अपने आवास में परिवार के साथ रहते थे.

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
मामले को लेकर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है. यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी. साथ ही मृतक के परिजनों, सहकर्मियों और अस्पताल कर्मियों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.

समय के पाबंद और जिम्मेदार कर्मचारी थे वीरेंद्र
बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि वीरेंद्र कुमार महतो गुरुवार को अपने गांव से सीधे ड्यूटी पर अस्पताल पहुंचे थे. रात करीब 9:30 बजे उन्हें इस घटना की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि वीरेंद्र अपने कार्य के प्रति बेहद जिम्मेदार, अनुशासित और समय के पाबंद कर्मचारी थे. उनके इस तरह अचानक चले जाने से अस्पताल परिवार स्तब्ध है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी.