Breaking: बोकारो के चास में किराना दुकान में भीषण आग, 35 लाख रुपये तक के नुकसान का दावा

बोकारो के चास की गुजरात कॉलोनी में जगदंबा स्टोर्स किराना दुकान में भीषण आग लग गई. दुकानदार ने 30 से 35 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है.

Breaking: बोकारो के चास में किराना दुकान में भीषण आग, 35 लाख रुपये तक के नुकसान का दावा

बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. चास स्थित गुजरात कॉलोनी में एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई. इस अगलगी में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया. दुकान मालिक ने आग से करीब 30 से 35 लाख रुपये तक के नुकसान का दावा किया है. घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है.

सुबह दुकान पहुंचने पर चला आग लगने का पता

जानकारी के अनुसार, गुजरात कॉलोनी स्थित जगदंबा स्टोर्स नामक किराना दुकान में देर रात आग लगी. सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान पहुंचा, तो अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया. इसके बाद उसने दुकान के अंदर देखा तो आग से काफी सामान जल चुका था. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए. देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

ब्यूटी पार्लर तक पहुंचा धुएं का असर

किराना दुकान के ठीक बगल में स्थित न्यू वर्षा लेडीज ब्यूटी पार्लर से भी धुआं निकलने की जानकारी सामने आई है. इससे आसपास की अन्य दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय दुकानदारों में इस बात को लेकर चिंता है कि आग कहीं दूसरी दुकानों तक न फैल जाए. दुकान मालिक के मुताबिक, अगलगी में करीब 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी किया जाना बाकी है.

दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी वजह से आग लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच के बाद ही अगलगी की असली वजह सामने आ सकेगी. छठ महापर्व के बीच हुई इस घटना से दुकानदार को बड़ा आर्थिक झटका लगा है. फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है.

रिपोर्ट- संजीव कुमार